नरसिंहपुर / मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर (सखी) के माध्यम से घरेलू हिंसा एवं अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिला स्तर पर यह केंद्र वर्ष 2018 से निरंतर संचालित है और जरूरतमंद महिलाओं के लिए संबल का केंद्र बना हुआ है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नरसिंहपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि वन स्टॉप सखी सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को आश्रय सहायता, परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता तथा अन्य आकस्मिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। इन सेवाओं का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को त्वरित संरक्षण एवं पुनर्वास प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025- 26 में एक अप्रैल 2025 से 13 फरवरी 2026 तक कुल 734 पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न विभागों के समन्वित सहयोग से आश्रय, कानूनी एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उनका पुनर्वास सुनिश्चित किया गया है।
पीड़ित महिलाएं एवं बालिकाएं वन स्टॉप सेंटर, नरसिंहपुर के दूरभाष क्रमांक 07792- 350042 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। वर्तमान में यह केंद्र सदर मंदिर रोड, आशीष उपाध्याय हॉस्पिटल के पीछे, शंकराचार्य वार्ड नरसिंहपुर में संचालित है। साथ ही इसका नवीन भवन जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के सामने तैयार हो चुका है, जिससे भविष्य में और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधायुक्त सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।
जिला संवाददाता अतुल नेमा

