मकान का ताला तोड़ रॉयल एनफील्ड और गैस सिलेंडर चोरी, पुलिस ने किया खुलासा

कोलार रोड पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शातिर बदमाश गिरफ्तार, 2 लाख का चोरी का सामान बरामद

भोपाल। थाना कोलार रोड पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर बरामद किया है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-4 मयूर खण्डेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोलार रोड निरीक्षक संजय सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जेके अस्पताल पार्किंग से पकड़ा गया आरोपी

मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेके अस्पताल की पार्किंग में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिव नारायण प्रजापति उर्फ चमन (32 वर्ष) निवासी भोपाल बताया।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने 17 सितंबर 2025 को टी-सेक्टर वंदना नगर में एक मकान का ताला तोड़कर घर में रखी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया।

पहले से दर्ज हैं 15 अपराध

उक्त मामले में थाना कोलार रोड में अपराध क्रमांक 550/25 धारा 331(ए), 305(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस ने आरोपी से चोरी गया पूरा मशरूका जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ थाना अयोध्या नगर, पिपलानी, गौतम नगर और कोलार में चोरी, नकबजनी, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सोनी के साथ प्रआर 110 दौलत मालवीय, आरक्षक ऋषिकेश त्यागी, अमित दिवाकर, शिव कुमार और पिंकू जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.