तेंदूखेड़ा में 5वीं–8वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान अव्यवस्था की शिकायत, नेशनल हाईवे 45 बना चिंता का कारण
तेंदूखेड़ा (जिला नरसिंहपुर)। मध्य प्रदेश शासन शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा पांचवी एवं आठवीं की परीक्षाएं इन दिनों तेंदूखेड़ा में संपन्न हो रही हैं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोनों केंद्रों को मिलाकर कुल 681 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
कन्या शाला के केंद्राध्यक्ष निलेश शर्मा के अनुसार 449 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं और सभी उपस्थित रहे। वहीं शासकीय बालक शाला के सहायक केंद्राध्यक्ष घनश्याम उपाध्याय ने बताया कि 315 में से 311 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे तथा 4 अनुपस्थित रहे। लगभग 20 विद्यालयों के विद्यार्थी इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधा को लेकर कुछ अभिभावकों ने असंतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों के लिए मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सबसे गंभीर स्थिति परीक्षा समाप्ति के बाद देखने को मिल रही है। छोटे छात्र-छात्राएं नेशनल हाईवे 45 को पार करते हुए नजर आ रहे हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि परीक्षा अवधि के दौरान हाईवे पार कराने के लिए पुलिस प्रशासन या विद्यालय प्रबंधन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
मामले को लेकर अब प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
संवाददाता – रूप नारायण मेहरा, तेंदूखेड़ा
