सभी आधार केंद्रों पर शुल्क सूची चस्पा करने के निर्देश

आवेदकों को मिले पारदर्शी सुविधा – कलेक्टर अंशुल गुप्ता

नरसिंहपुर। जिले में संचालित सभी आधार केंद्रों पर अब निर्धारित शुल्क की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक के दौरान यह स्पष्ट निर्देश जारी किए।

कलेक्टर ने कहा कि आधार केंद्रों पर आने वाले आवेदकों को विभिन्न सेवाओं के लिए देय शुल्क की स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी मिलना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने। उन्होंने निर्देशित किया कि आधार कार्ड बनवाने, संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट, पता परिवर्तन सहित अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की संपूर्ण सूची केंद्र के प्रवेश द्वार या अन्य प्रमुख स्थान पर इस प्रकार प्रदर्शित की जाए, जिससे आवेदक आसानी से उसे देख सकें।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शासन द्वारा तय शुल्क के अनुसार ही राशि ली जाए। यदि किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि इस व्यवस्था से आधार सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन का विश्वास मजबूत होगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर आधार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.