अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल, 20 आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम पर बड़ी कार्रवाई
शिवपुरी में अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग और वित्तीय धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 1.07 करोड़ की संपत्ति जब्त

भोपाल/शिवपुरी, 21 फरवरी 2026।
मध्य प्रदेश पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवपुरी में सक्रिय एक संगठित डिजिटल गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग, म्यूल अकाउंट नेटवर्क और बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा “ऑपरेशन सैमुअल (Mule Account Tracking, Removal and Investigation Exercise)” के तहत यह कार्रवाई की गई। यह अभियान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) ए. साईं मनोहर के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।

20 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जब्त

शिवपुरी पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से जब्त सामग्री में शामिल हैं:

29 मोबाइल फोन

07 चार पहिया वाहन

01 मोटरसाइकिल

1 लाख 20 हजार रुपये नकद

07 बैंक पासबुक

16 एटीएम कार्ड

कई सिम कार्ड


कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ 07 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जोन अरविंद कुमार सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी एवं पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह के निर्देशन में की गई।

ऐसे करते थे लोगों को ब्लैकमेल

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी दस्तावेजों से महिलाओं के नाम पर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल बनाता था।

लोगों से अश्लील चैट और वीडियो कॉल कराई जाती थी।

वीडियो रिकॉर्ड कर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ब्लैकमेल किया जाता था।

क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, फर्जी लोन ऑफर और अन्य ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता था।


गैंग द्वारा HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY और COMET जैसी मोबाइल एप्लीकेशनों का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाया जाता था।


पुलिस की अपील

मध्य प्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि—

किसी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल या अश्लील चैट न करें।

निजी जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी साझा न करें।

यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल माध्यम से धमकी देता है, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।


प्रदेश में साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.