बालाघाट | 24 फरवरी 2026
तहसील खैरलांजी अंतर्गत ग्राम साकड़ी क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार खैरलांजी एवं खनि निरीक्षक, जिला बालाघाट द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते पकड़ा गया।
उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि जांच के दौरान क्रमांक MP-50-A-05488 का आयशर ट्रैक्टर ट्रॉली सहित रेत परिवहन करते पाया गया। मौके पर चालक रविन्द्र सहारे, निवासी डोंगरमली से रेत परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज एवं रॉयल्टी पर्ची की मांग की गई, किंतु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वैध रॉयल्टी एवं परिवहन दस्तावेज नहीं होने के कारण संबंधित वाहन को विधि अनुसार जब्त कर थाना रामपायली की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
प्रकरण में मध्यप्रदेश (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
