एरमा (कुरई) के विद्यार्थियों ने देखा पुलिस कंट्रोल रूम, यूनिफॉर्म सर्विस के लिए हुए प्रेरित
सिवनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे "सृजन" अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील मेहता के नेतृत्व में एरमा (कुरई) माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को सिवनी पुलिस कंट्रोल रूम एवं पुलिस लाइन का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। यह कार्यक्रम जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित "सक्षम" योजना के तहत आयोजित किया गया।
कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे ने विद्यार्थियों को कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस दौरान बच्चों ने सिवनी जिले का डिजिटल मानचित्र, ऑपरेटर रूम, सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम, एफएसएल एवं फिंगर प्रिंट शाखा, मीटिंग हॉल, डायल 112 तथा हेल्पलाइन 1090, 1098 और 1930 की कार्य प्रणाली को नजदीक से समझा।
पुलिस लाइन में विद्यार्थियों ने आर्मोरी शाखा, दिशा लर्निंग सेंटर और स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया। निरीक्षक ठाकरे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक तैयारी, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण पर मार्गदर्शन दिया। बच्चों ने करियर संबंधी प्रश्न पूछे और यूनिफॉर्म सर्विसेज के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति और एकाग्रता बढ़ाने हेतु ब्राइटर माइंड गतिविधि भी कराई गई, जिससे वे सीखी गई जानकारियों को लंबे समय तक याद रख सकें।
इस अवसर पर सक्षम कार्यक्रम से ब्लॉक मैनेजर नेत्रपाल कटरे, शासकीय हाई स्कूल एरमा के प्राचार्य आर.के. गरेवाल, ग्राम प्रतिनिधि मयंक तिवारी, मास्टर ट्रेनर अनिल राजपूत, शिक्षिका रीना पटले सहित विद्यालय स्टाफ एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
यह पहल दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के किशोरों को सकारात्मक दिशा देने, अनुशासित जीवन अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे रही है।
