नरसिंहपुर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का पैदल निरीक्षण

सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती

नरसिंहपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सुभाष पार्क चौराहा से बाहरी रोड, सुनका चौराहा, मुशरान पार्क, मैन रोड, सिंहपुर चौराहा से नगर पालिका चौराहा तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकान की सामग्री सड़क पर न रखें तथा प्रतिष्ठानों के सामने पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखें।


निरीक्षण के दौरान बाहरी रोड एवं मैन रोड पर संचालित अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए गए। चौपाटी के समीप स्थित एमपी स्टेट एग्रो खाद वितरण केंद्र को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।

इतवारा बाजार क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण हटाने, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बाहरी रोड स्थित कमल स्टोर, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं कैनरा बैंक सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रबंधकों को निर्देशित किया गया। अमर ज्योति ज्वेलर्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर अस्थायी रूप से रखी गई सामग्री को मौके पर हटवाया गया। जलगांव ज्वेलर्स के पास सब्जी दुकानों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।


मुशरान पार्क से पुत्री शाला तक सड़क की ओर बढ़े टीन शेड हटाने के निर्देश दिए गए। सांकल तिराहा स्थित राम भरोसे होटल के सामने किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए गए। शनीचरा बाजार, जनपद कॉम्पलेक्स तथा नगर पालिका चौराहा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। नगर पालिका चौराहा एवं जिला चिकित्सालय के आसपास लगी अस्थायी दुकानों तथा रोगी कल्याण समिति कॉम्पलेक्स में लगे टीन शेड हटाने के निर्देश दिए गए।

मैन रोड एवं बाहरी रोड के दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में दुकान का सामान सड़क पर पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भ्रमण के दौरान एसडीएम नरसिंहपुर मणिन्द्र सिंह, डीएसपी मनोज गुप्ता, यातायात निरीक्षक ममता तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीलम चौहान सहित पुलिस एवं नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.