अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो वाहन व पोकलेन मशीन जब्त

मंडला / मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग के निर्देशों के पालन में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर 18 फरवरी 2026 को तहसील बिछिया अंतर्गत ग्राम कातामाल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई की गई। उक्त क्षेत्र में पूर्व में भी अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण के प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान लगभग 351 घनमीटर अवैध उत्खनित रेत का प्रकरण दर्ज किया गया। मौके से अवैध उत्खनन में संलिप्त दो वाहन, डंफर क्रमांक सीजी 13 एफयू 6676 एवं डम्फर क्रमांक सीजी 12 बीजी 1567 तथा एक पोकलेन मशीन को प्रशासन द्वारा जब्त किया गया।
 
जब्त वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना प्रभारी, थाना बम्हनी की सुपुर्दगी में दिया गया है। प्रकरण में म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। उक्त कार्रवाई खनि निरीक्षक, खनिज अमले, नायब तहसीलदार एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.