इंदौर, 19 फरवरी 2026।
होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर ने तीन विशेष दल गठित कर शहरभर में सघन जांच अभियान शुरू किया है।
गुरुवार को तेजाजी नगर, खंडवा रोड स्थित नव शक्ति डेरी एंड स्वीट्स पर औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रतिष्ठान के संचालक विशाल गौड़ उपस्थित मिले। यहां पनीर, मावा, घी और विभिन्न मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय होता पाया गया।
मिलावटी पनीर निर्माण की सूचना के आधार पर टीम ने पनीर, घी, मावा, मिल्क केक, पेड़ा, बेसन लड्डू और दूध के कुल 7 नमूने लिए। मिलावट की आशंका में लगभग 75 हजार रुपये कीमत का 209 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों से भी सैंपलिंग
क्वालिटी स्वीट्स (रानीबाग, खंडवा रोड) से मिल्क केक, पेड़ा, मलाई बर्फी, रतलामी सेव, खट्टा-मीठा मिक्सचर और लौंग सेव के 6 नमूने लिए गए।
अमृत डेरी से दूध और घी के 2 नमूने लिए गए।
पोरवाल मसाला (नंदा नगर, पाटनीपुरा) में खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। यहां तुअर दाल, मसूर दाल, चना दाल, उड़द दाल और मूंग दाल के 5 नमूने लिए गए।
मिठास 365 रेस्टोरेंट (सुदामा नगर) से मिल्क केक और पनीर के 2 नमूने लिए गए।
वैधानिक कार्रवाई होगी
सभी 22 नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
