औकात वाले बयान पर छत्तरपुर में सियासी बवाल



युवक कांग्रेस ने निकाली ‘सरकार की अर्थी’, पुलिस से झूमा-झटकी, वाटर कैनन का इस्तेमाल
छतरपुर / मध्यप्रदेश विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को कथित तौर पर “औकात में रहो” कहे जाने के बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में छतरपुर में युवक कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली।

प्रदर्शन की अगुवाई युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह मोनू ने की। सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से रैली के रूप में निकले और छत्रसाल चौराहे की ओर बढ़े। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।

छत्रसाल चौराहा बना प्रदर्शन का केंद्र

छत्रसाल चौराहे से पहले ही पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बनी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अर्थी छीन ली, जिसके बाद युवक कांग्रेस कार्यकर्ता चौराहे पर धरने पर बैठ गए।



स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

युवक कांग्रेस की मांग

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह मोनू ने कहा कि मंत्री द्वारा नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। उन्होंने मंत्री से सार्वजनिक माफी और इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस वर्दी पर हाथ डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिस पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस्तीफा नहीं हुआ तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


फिलहाल इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह विवाद और तूल पकड़ सकता है।

संवाददाता: किशोरी श्रीवास, छतरपुर


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.