खैरलांजी में आपदा से जंग की तैयारी130 लोगों ने सीखी जान बचाने की तकनीक

खैरलांजी में आपदा प्रबंधन जनजागृति कार्यशाला सम्पन्न
130 से अधिक प्रतिभागियों को मिला प्रशिक्षण
बालाघाट जिले की खैरलांजी तहसील में 23 फरवरी को एक दिवसीय आपदा प्रबंधन जनजागृति कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मृणाल मीना के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में लगभग 130 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें नायब तहसीलदार, पटवारी, सीडीवी, कोटवार, ग्राम सचिव, जीआरएस, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम रक्षा समिति, नगर रक्षा समिति, जन अभियान परिषद के सदस्य तथा ग्रामीणजन शामिल रहे।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड बालाघाट एवं नोडल अधिकारी रजनी खटीक के मार्गदर्शन में एएसआई होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ टीम द्वारा किया गया। टीम ने अग्निशमन, भूकंप, लू-ताप, वज्रपात, सर्पदंश एवं बाढ़ जैसी प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव की व्यवहारिक तकनीकों की जानकारी दी।

प्रतिभागियों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं आपदा सूचना से संबंधित मोबाइल एप ‘दामनी’ और ‘सचेत’ के उपयोग के बारे में भी बताया गया, ताकि समय रहते अलर्ट प्राप्त कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जनजागृति टीम में एसडीईआरएफ के कमलेश मेरावी, आशीष खरोले, राजेश धुर्वे एवं करन सिंह वल्के विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन संबंधी जागरूकता को जमीनी स्तर तक पहुंचाना तथा आपदा की स्थिति में जनहानि एवं संपत्ति हानि को न्यूनतम करना है।

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को संदेश दिया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और प्रशिक्षण के अनुरूप कार्य करना ही सुरक्षा का सर्वोत्तम उपाय है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.