दमोह।
स्टेशन चौराहा स्थित मोरगंज गल्ला मंडी गेट के पास शुक्रवार को देश का पहला ‘गांव का चायवाला’ आउटलेट शुभारंभ के साथ शुरू हुआ।
इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया, मुख्यमंत्री के बड़े भाई नंदलाल यादव तथा फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि बुंदेलखंड के दमोह से शुरू हुआ ‘गांव का चायवाला’ एक अनोखा और प्रेरणादायक स्टार्टअप है। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत आने वाले समय में देशभर में 10 हजार आउटलेट खोलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आउटलेट संचालक त्रिलोकचंद्र सेन द्वारा तंबाकू–गुटखा का कारोबार छोड़कर समाजहित में उठाए गए कदम की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नंदलाल यादव ने कहा कि ‘गांव का चायवाला’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि शुद्धता और भारतीय परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यहां उपलब्ध सभी खाद्य सामग्री 100 प्रतिशत शुद्ध होगी। भोजन केले के पत्ते पर परोसा जाएगा, चाय कुल्हड़ में और पान–सुपारी पत्तल में दी जाएगी, जिससे स्वास्थ्य के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी ने कहा कि दमोह से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में देशभर में रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आउटलेट के मैनेजिंग डायरेक्टर त्रिलोकचंद्र सेन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश का पहला ऐसा आउटलेट है, जहां किसी भी प्रकार की मिलावट या केमिकल्स का उपयोग नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह हो तो उत्पादों की सैंपलिंग कराई जा सकती है। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
