| डिस्क्लेमर – यह कार्टून एवं समाचार में व्यक्त विचार संबंधित राजनीतिक दल द्वारा लगाए गए आरोपों/दावों पर आधारित हैं। अख़बार/वेबसाइट इन विचारों का समर्थन नहीं करता। |
छिन्दवाड़ा।
भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में किए गए बदलावों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस का आरोप है कि इन बदलावों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की कानूनी गारंटी कमजोर हुई है।
जारी बयान में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा जैसी बहुसमावेशी योजना वर्षों से ग्रामीण आबादी के लिए आजीविका का बड़ा साधन रही है। कांग्रेस का दावा है कि वर्तमान बदलावों से योजना की मूल भावना प्रभावित हुई है और इससे मजदूर वर्ग को नुकसान पहुंच सकता है।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि नई व्यवस्था के तहत रोजगार की सुनिश्चितता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि मनरेगा की मूल संरचना और कानूनी गारंटी को यथावत रखा जाए।
यह पूरा कंटेंट “कांग्रेस का आरोप/दावा” पर आधारित है, अख़बार की राय नहीं बनता।
-----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
सत्य व अहिंसा के पुजारी बापू को कांग्रेसजन ने किया नमन
पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
छिन्दवाड़ा। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को कांग्रेस ने शहीद दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर स्थानीय गांधी चौक (फव्वारा चौक) में शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेसजन गांधी गंज पहुंचे, जहां बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि बापू ने अंग्रेजों द्वारा बनाए गए नमक कानून को तोड़कर देशवासियों में संघर्ष का नया साहस भरा। आज़ादी के बाद देश में व्याप्त जाति और वर्ण भेद जैसी सामाजिक कुरीतियों को मिटाने के लिए भी गांधी जी ने यात्राएं निकालकर आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम और रामधुन का सामूहिक गायन किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद दिवस हमें बापू के सिद्धांतों—सत्य, अहिंसा और सद्भाव—को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
कांग्रेस वक्ताओं ने यह भी कहा कि बापू के बताए मार्ग पर चलकर ही देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने वाली विचारधाराओं का मुकाबला किया जा सकता है। कांग्रेस आज भी उसी विचारधारा के खिलाफ संघर्ष कर रही है जो समाज को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से कमजोर कर रही है।
श्रद्धांजलि सभा में गंगाप्रसाद तिवारी, सुरेश कपाले, पप्पू यादव, दीपक बाजपाई, जीत अरोरा, जाकिर परवेज, गुंजन शुक्ला, दीपा यादव, टिंकू राय, तरुण कराड़े, फिरोज खान, नितिन उपाध्याय, अर्जुन बघेल, राजेंद्र शर्मा, संजय परतेती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर परासिया में भी कांग्रेसजनों ने किया नमन
परासिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर परासिया में कांग्रेस द्वारा शहीद दिवस मनाया गया। बापू के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और प्रेम के मार्ग पर चलकर पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। आज के समय में, जब समाज में नफरत और असहिष्णुता बढ़ रही है, बापू के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि बापू के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज को एकजुट करना और राष्ट्रहित में जन-जन को जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेसजन सामूहिक रूप से फिल्म बार्डर-2 देखने परासिया टॉकीज पहुंचे।
इस अवसर पर विश्वनाथ ओकटे, सोहनलाल वाल्मीकि, सुजीत सिंह चौधरी, राजीव तिवारी, सुभाष गुलबाके, अंजली श्रीवास्तव, सावित्री वर्मा, किशोर उइके, हरि वर्मा, भरत डेहरिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
