तेल और पैकेट पर दर्ज जानकारी में मिला अंतर, टोमेटो केचप समेत तीन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
कटनी। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने इमलिया स्थित नितिन ट्रेडर्स फैक्ट्री का निरीक्षण किया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को फैक्ट्री पहुंचकर जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने आवश्यक जानकारी के बिना रखे 12 बोरी मिक्स मसाले नष्ट कराए और तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
कर्मचारियों के पास नहीं मिले जरूरी सुरक्षा उपकरण
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी एप्रन और ग्लव्स सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करते नहीं पाए गए। कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे तेल और पैकेट पर दर्ज जानकारी में अंतर मिला। मौके पर खाद्य पदार्थों को राइस ब्रान ऑयल में फ्राई किया जा रहा था, जबकि पैकेट के लेबल पर पाम ऑयल का उल्लेख था।
जांच में यह भी सामने आया कि निर्मित खाद्य पदार्थों की जांच नियमानुसार एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से नहीं कराई गई थी।
12 बोरियों में मिले बिना लेबल के मसाले
फैक्ट्री के गोदाम में 25-25 किलोग्राम की 12 बोरियों में मिक्स मसाले रखे मिले। इन बोरियों पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, निर्माता फर्म का नाम और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जैसी जरूरी जानकारियां दर्ज नहीं थीं। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप विवरण नहीं मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर ही मसालों को नष्ट कराया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई है।
तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
निरीक्षण के दौरान टीम ने मिक्स मसाले, टोमेटो केचप और नाइस फ्राइम्स के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान तहसीलदार आकाश नीरज, तहसीलदार दुबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आप साहू उपस्थित रहे।


