तेंदूखेड़ा में कॉलोनाइजर पर गंभीर आरोप, शारदा कॉलोनी के रहवासी पहुंचे थाने


संवाददाता रूप नारायण मेहरा तेंदूखेड़ा
 तेंदूखेड़ा ,,,,,,,,जिला नरसिंहपुर मध्य प्रदेश

तेंदूखेड़ा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शारदा कॉलोनी के निवासियों ने कॉलोनाइजर सचिंद्र सोनी (आर्यन कॉलोनाइजर) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है।

निवासियों का आरोप है कि उन्होंने प्लॉट पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदे थे और इसका भुगतान नगद किया गया था।

प्लॉट बेचते समय कॉलोनाइजर द्वारा यह भरोसा दिलाया गया था कि कॉलोनी में सड़क, पानी, नाली, पार्क, बिजली और बाउंड्री वॉल जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

लेकिन आरोप है कि आज दिनांक तक इन सुविधाओं में से कोई भी सुविधा कॉलोनीवासियों को नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार कॉलोनाइजर सचिंद्र सोनी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल जवाब मिला और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।

वहीं, संबंधित विभागों द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं होना, निवासियों के अनुसार अधिकारियों और कॉलोनाइजर की मिलीभगत की ओर इशारा करता है।

आखिरकार परेशान होकर शारदा कॉलोनी के निवासियों ने थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें उनका अधिकार दिलाने की मांग की है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कॉलोनीवासियों को कब तक न्याय मिल पाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.