सिवनी। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर शीतला पटले के निर्देशन में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं और शिकायतों के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 16 मार्च को लखनादौन नगर के वार्ड क्रमांक-2 में उर्मिला रमाकांत के घर पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एचपी कंपनी के 2 भरे और 2 खाली घरेलू एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से रखे मिले। अधिकारियों ने मौके से कुल 4 सिलेंडर जब्त किए।
इसके बाद 17 मार्च 2026 को ग्राम आदेगांव में एक दुकान की जांच की गई, जहां 6 घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण पाया गया। सभी सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
