432 श्वानों का टीकाकरण, 2–3 मार्च को भी चलेगा अभियान

सुरक्षित नरसिंहपुर, स्वस्थ नरसिंहपुर: एंटी-रेबीज अभियान के तहत कुल 432 श्वानों का हुआ टीकाकरण
अभियान के दूसरे दिन 189 श्वानों को लगाया एंटी रेबीज के टीके, 2 और 3 मार्च को भी लगेगा नि:शुल्क टीका



नरसिंहपुर शहर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में नगरपालिका और पशु चिकित्सा विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष टीकाकरण अभियान सफलता के नए आयाम गढ़ रहा है। अभियान के दूसरे दिन टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 189 श्वानों को एंटी-रेबीज के टीके लगाए। नरसिंहपुर शहर में चलाए गए दो दिवसीय अभियान में अब तक कुल 432 पालतू और आवारा श्वानों का टीकाकरण किया जा चुका है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर रजनी सिंह और सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश ने पूरी टीम को बधाई दी।

दो दिन चले इस अभियान में पशु चिकित्सा विभाग के गोटेगांव, नरसिंहपुर और करेली ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इसके अलावा अतिरिक्त उपसंचालक नरसिंहपुर डॉ. प्रवीण पटेल, एबीपीओ डॉ. एमपी तिवारी, डॉ. संजय मांझी, डॉ. भूपेंद्र ठाकुर, डॉ. दीपक लाल कुम्हार, डॉ. श्रेया दुबे, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी डॉ. बीएल प्रधान, हरिहर बुनकर सहित अन्य कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अभियान के दूसरे दिन शनिवार को यशोदा मैरिज गार्डन, झिरना रोड, गिरिराज स्कूल, गांधी चौक, किसानी वार्ड, तलापार, नरसिंह मंदिर एवं गणेश मंदिर, गुलाब चौराहा, पराड़कर हॉस्पिटल, एसएनपीएस स्कूल, संजय वार्ड, सिंहपुर चौराहा और बरगी कॉलोनी के क्षेत्रों में श्वानों को एंटी-रेबीज के टीके लगाए गए।

उपसंचालक डॉ. सुनील बृजपुरिया ने बताया कि नागरिकों के बीच बढ़ते उत्साह और अभियान की उपयोगिता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगरपालिका नीलम चौहान ने इस अभियान को दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह अभियान शहर में सोमवार 2 मार्च और मंगलवार 3 मार्च को भी जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि शेष बचे श्वानों के मालिक या स्थानीय नागरिक इतवारा बाजार स्थित पॉलीक्लीनिक पशु चिकित्सालय नरसिंहपुर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच पहुंचकर निःशुल्क वैक्सीन लगवा सकते हैं।

इस अभियान से शहर में जागरूकता बढ़ी है और नागरिकों की सहभागिता से नरसिंहपुर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.