इंदौर, 24 मार्च 2025
इंदौर जिले के महू क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक क्लिनिक को सील कर दिया है। साथ ही क्लिनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
एसडीएम महू राकेश परमार ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि महू के होली चौक, गुजरखेड़ा क्षेत्र में डॉ. एम.एस. खान द्वारा बिना वैध अनुमति और आवश्यक पंजीयन के क्लिनिक संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम, बीएमओ और थाना प्रभारी महू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित व्यक्ति बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री और रजिस्ट्रेशन के एलोपैथिक चिकित्सा कार्य कर रहा था। इतना ही नहीं, वहां अवैध रूप से 6 बिस्तरों का एक छोटा अस्पताल भी संचालित किया जा रहा था।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि क्लिनिक में बिना अनुमति एलोपैथिक दवाइयों का भंडारण किया गया था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया।
प्रशासन ने क्लिनिक संचालक डॉ. एम.एस. खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
