प्राइमरी स्कूल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: मिड-डे मील चखा, लापरवाही पर शिक्षिका को थमाया नोटिस

नरसिंहपुर / चांवरपाठा: कलेक्टर रजनी सिंह ने शुक्रवार को 
चांवरपाठा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली प्राथमिक शाला बुधवारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में अव्यवस्था और लापरवाही मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की।

 उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बावजूद स्कूल से नदारद मिलीं शिक्षिका पर गाज गिरी है।

हस्ताक्षर कर गायब थीं शिक्षिका, रुकेगा वेतन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जब स्कूल का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया, तो पाया कि शिक्षिका संध्या तिवारी ने रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर तो कर दिए थे, लेकिन वे मौके पर उपस्थित नहीं थीं। ड्यूटी के प्रति इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल संध्या तिवारी का एक दिन का वेतन काटने और उन्हें कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी करने के निर्देश दिए हैं।

मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी

कलेक्टर ने स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन (Mid-Day Meal) की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने स्वयं भोजन चखकर खाने के स्वाद और पौष्टिकता का परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि बच्चों के पोषण से कोई समझौता न हो और उन्हें मीनू के अनुसार ही गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाए।
बच्चों से संवाद और शैक्षणिक स्तर की जांच

निरीक्षण के दौरान रजनी सिंह ने क्लासरूम में जाकर बच्चों से भी मुलाकात की। 

उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के संबंध में चर्चा की और कुछ सवाल भी पूछे। उन्होंने स्कूल रिकॉर्ड के साथ बच्चों की वास्तविक उपस्थिति का मिलान किया और शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.