गर्रोली–अलीपुरा रोड पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने फोर व्हीलर को मारी टक्कर, कई लोग घायल
संवाददाता: उत्तम राजपूत, नौगांव
छत्तरपुर / गर्रोली क्षेत्र के अलीपुरा रोड पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार अलीपुरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक खाली ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही फोर व्हीलर गाड़ी से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को वाहन से निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गर्रोली-अलीपुरा रोड लंबे समय से “चोर रास्ता” के रूप में बदनाम है। इस मार्ग का उपयोग कई भारी वाहन चालक टैक्स बचाने और आरटीओ जांच से बचने के लिए करते हैं। इसी कारण यहां भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले प्रशासन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन बाद में वे हटवा दिए गए। बैरिकेड हटने के बाद से इस सड़क पर हादसों की संख्या बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए और दोबारा बैरिकेड लगाकर सख्ती से नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
