भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न, व्यक्तित्व निर्माण पर दिया गया जोर

भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न, व्यक्तित्व निर्माण पर दिया गया जोर

जिला संवाददाता / रोहित साहू 

सिवनी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय सिवनी में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य वक्ताओं ने प्रशिक्षणार्थी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की मूल प्रक्रिया है। विचारों की मजबूती और संगठनात्मक दक्षता के लिए नियमित प्रशिक्षण आवश्यक है। उन्होंने अनुशासन और आत्मानुशासन को प्रशिक्षण की धुरी बताते हुए कहा कि यही गुण संगठन को सशक्त बनाते हैं। कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम से ही भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

मुख्य अतिथि संभागीय प्रशिक्षण प्रभारी विजय झांझरी ने कहा कि भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है जो प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के लिए तैयार करती है। उन्होंने डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान और सोशल मीडिया की समझ को आवश्यक बताते हुए कहा कि एआई और आधुनिक तकनीक का सही उपयोग संगठन को नई दिशा दे सकता है।

सह-संभागीय प्रशिक्षण प्रभारी गजानंद पंचेश्वर ने “पंच परिवर्तन” विषय पर विचार रखते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, नागरिक अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला प्रशिक्षण प्रभारी जयदीप सिंह चौहान ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रशिक्षण की संरचना, उद्देश्य, समय-सीमा और संगठनात्मक योजना की जानकारी दी।

अंतिम सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटनी संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यशाला में पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती मुकेश डहेरिया, वेदसिंह ठाकुर, प्रेम तिवारी, जिला महामंत्री अजय डागोरिया सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण टोली के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीयूष दुबे ने किया, जबकि प्रशिक्षण नियंत्रक डॉ. अभिजीत सिंह चौहान, अलकेश रजक एवं राजेश्वरी उईके सहित पूरी प्रशिक्षण टीम मौजूद रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.