मंडला, 22 फरवरी 2026। मंडला पुलिस द्वारा ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल भाषा में जानकारी दी गई। थाना टिकरिया के ग्राम चीरी, थाना बीजाडांडी के ग्राम धाना, थाना निवास के ग्राम खमरिया, थाना बिछिया के ग्राम पिपरिमाल, थाना मोहगांव के ग्राम बाझडेही, थाना घुघरी के ग्राम सिमरिया व लाफन, थाना मवई के ग्राम मानिकपुर, थाना मोतीनाला के ग्राम बदवार सहित चौकी पिंडरई के ग्राम बीजेगांव, चौकी मनेरी के ग्राम पौनिया और चौकी पांडीवारा क्षेत्र में चौपाल लगाकर सुरक्षा संदेश दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट चालकों को समझाइश दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
