आगामी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित*

*आगामी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित* 

 *पहला शब्द* 
केंद्र अध्यक्ष, उड़नदस्ता दल एवं निरीक्षण दल को दिए गए कड़े एवं स्पष्ट निर्देश

पांढुर्णा /07 जनवरी, 2026/
आगामी परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पूर्णतः पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में नगरपालिका सभाकक्ष, पांढुर्णा में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 
बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर  नेहा सोनी, एसडीएम सौसर  सिद्धार्थ पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नीरज सोनी, तहसीलदार पांढुर्णा  विनय प्रकाश ठाकुर, नायब तहसीलदार तिगांव  अश्विनी गोहिया, नायब तहसीलदार नांदनवाड़ी  किरथलाल इरपाचे सहित परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त केंद्र अध्यक्ष, उड़नदस्ता दल एवं निरीक्षण दल के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी की उपस्थिति में परीक्षा से संबंधित प्रशासनिक, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की तैयारी की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर  वशिष्ठ ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं कठोर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक भौतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएँ। परीक्षार्थियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा उड़नदस्ता दल एवं निरीक्षण दल को परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर भ्रमण कर केंद्रों की सघन निगरानी रखने, अनुचित साधनों के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा शिकायत की स्थिति में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी दलों के मध्य बेहतर आपसी समन्वय एवं सतत सूचना संप्रेषण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन से संबंधित शासन द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों, नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में कलेक्टर  नीरज कुमार वशिष्ठ ने उपस्थित सभी अधिकारियों से परीक्षा आयोजन के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संपादन के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं परीक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.