अवैध मदिरा के खिलाफ सख्ती तेजबिटोड़ी में आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 लाख से अधिक की जब्ती

अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की बिटोड़ी में बड़ी कार्रवाई

3000 किलोग्राम महुआ लहान व 40 लीटर हाथभट्टी शराब जप्त

बालाघाट जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 फरवरी 2026 को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग तथा थाना रामपायली की संयुक्त टीम ने ग्राम बिटोड़ी में दबिश दी।
गोपनीय सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों पर प्लास्टिक की बोरियों और ड्रमों में भरा लगभग 3000 किलोग्राम महुआ लहान जप्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके साथ ही प्लास्टिक जरीकेन में भरी 40 लीटर हाथभट्टी मदिरा भी बरामद की गई। जप्त मदिरा एवं लहान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है।

इस प्रकरण में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।कार्रवाई के दौरान वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, थाना रामपायली से एएसआई राजीव चाचक, आरक्षक भानुप्रताप, अनिता कुमरे सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.