छपारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी करने वाले शातिर नकबजन गिरफ्तार
सिवनी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत छपारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये नकदी चोरी करने वाले शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लखनादौन के निर्देशन में थाना छपारा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी 2026 को फरियादी शेख अल्ताफ कुरैशी (उम्र 34 वर्ष), निवासी जामा मस्जिद कॉलोनी छपारा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जनवरी की रात अज्ञात आरोपी उसके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं करीब 6 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। कुल मशरूका लगभग 16 लाख रुपये बताया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना पर एक संदेही को जबलपुर में घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुड्डू उर्फ गुलफाम निवासी जबलपुर बताया और चोरी में संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात व 1,38,000 रुपये नकद सहित कुल लगभग 12 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में निरीक्षक खेमेन्द्र कुमार जैतवार, उप निरीक्षक सुकमलाल उइके, प्रधान आरक्षक दशरथ प्रसाद बघेल, शैलेन्द्र कनेटी, आरक्षक अनिल इवाती सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
