विदिशा में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई: 22 सिलेंडर और मशीनें जब्त, ईसी एक्ट में मामला दर्ज

विदिशा। जिले में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अटारी खेजड़ा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर 22 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और उपभोक्ता पासबुक जब्त की हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय ने बताया कि बुधवार को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी पिंकी शाक्य के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापे के दौरान राजेश कुमार दांगी के निवास से अवैध रूप से रखे गए कुल 22 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 11 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 4 आंशिक भरे घरेलू सिलेंडर, 3 व्यावसायिक सिलेंडर तथा 5 छोटे (5 किलोग्राम) सिलेंडर शामिल हैं।

मौके से 2 गैस रिफिलिंग मशीन नोजल पाइप सहित तथा 12 घरेलू गैस उपभोक्ताओं की पासबुक भी जब्त की गईं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 66 हजार रुपये बताया गया है।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के प्रावधानों के उल्लंघन के चलते संबंधित के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.