खजुराहो एयरपोर्ट पर यात्रियों को नई सुविधाओं की सौगात

खजुराहो एयरपोर्ट हुआ अपग्रेड — फ्री Wi-Fi, किड जोन और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं शुरू

खजुराहो एयरपोर्ट में आमजन की सुविधाओं में हुई बढ़ोत्तरी

केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने वर्चुअली किया जनसुविधाओं का शुभारंभ

खजुराहो।
केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने रविवार को राजकोट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से देश के 57 हवाई अड्डों से वर्चुअली जुड़कर विभिन्न जन सुविधाओं का शुभारंभ किया। जिसके तहत खजुराहो एयरपोर्ट में भी चार तरह की जन सुविधा लागू की जा रही हैं।

खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘अवसर योजना’ के तहत स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही यात्रियों को फ्री वाई-फाई, बच्चों के लिए किड जोन तथा यात्रियों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस लाइब्रेरी व्यवस्था के तहत यात्री किताब लेकर यात्रा के दौरान पढ़ सकेंगे और गंतव्य पर पहुंचकर किसी अन्य एयरपोर्ट की लाइब्रेरी में उसे वापस जमा कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि अब एयरपोर्ट पर भी रेलवे स्टेशन की तरह सामान्य दरों पर खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और नरेंद्र मोदी के उस सपने को साकार किया जा रहा है जिसमें हर आम नागरिक, यहां तक कि ‘हवाई चप्पल’ पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके।

इस वर्चुअल कार्यक्रम का प्रसारण खजुराहो एयरपोर्ट पर डिस्प्ले के माध्यम से किया गया, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने देखा एवं सुना। साथ ही नई जन सुविधाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.