खजुराहो। महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। हास्य, वीर और श्रृंगार रस से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को काव्यमय वातावरण में रंग दिया।
वीर रस के कवि अनिल तेजस्व (जतारा) ने जोशीली रचनाओं से समां बांधा। अंकिता शुक्ला (लखनऊ) ने श्रृंगार रस की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं शिखा सिंह उर्जिता (आगरा) ने अपनी ओजस्वी कविताओं से उत्साह का संचार किया। हरीश हंगामा (राजस्थान) और अजय मोहन तिवारी (बुंदेली हास्य) ने व्यंग्य और हास्य से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। जसवेंद्र सिंह बुंदेला (इंदौर) ने गीतों के माध्यम से लोकभावनाओं को स्वर दिया।
स्थानीय कवियों राजीव शुक्ला (खजुराहो) और प्रवेश तिवारी (खजुराहो) ने क्षेत्रीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम का संयोजन इंद्रजीत दीक्षित द्वारा किया गया तथा संचालन अभिषेक अरजरिया ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इस अवसर पर अरविंद पटेरिया (राजनगर विधायक) ने तुलसीदास सोनी का सम्मान किया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, सीएमओ बसंत चतुर्वेदी तथा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बिट्टी बाई आशाराम पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच के माध्यम से पत्रकार गनेश रैकवार का भी सम्मान किया गया।
कवि सम्मेलन ने महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन को सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत यादगार बना दिया।
