मुंगवानी कलाँ में निर्माणाधीन सड़क से आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों ने गुणवत्ता जांच की मांग उठाई

File copy

सिवनी। नगर मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर अमरवाड़ा मार्ग पर स्थित ग्राम मुंगवानी कलाँ में मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण (MPRDA) के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की गति धीमी है तथा सुरक्षा व्यवस्थाएँ पर्याप्त नहीं दिखाई दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार उक्त कार्य का ठेका उदित इंफ्रावर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, रीवा को प्रदान किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सड़क की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग पर कुछ स्थानों पर गड्ढे एवं उखड़ी सतह देखी जा सकती है। साथ ही निर्माण स्थल पर पर्याप्त चेतावनी संकेत एवं रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग मुंगवानी खुर्द, मारबोड़ी, चंदौरी और बखारी सहित आसपास के गांवों को जोड़ता है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं|

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच कराई जाए, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।

(समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.