छिंदवाड़ा। पंचवटी वार्ड पौआमा स्थित संत नरहरी महाराज भवन में आज विवेक बंटी साहू के आगमन पर महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं सत्कार किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर सांसद का अभिनंदन किया।
अपने उद्बोधन में सांसद साहू ने समाज की एकजुटता को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उनका स्वर्णकार समाज से पारिवारिक संबंध रहा है और समाज के विकास कार्यों में वे निरंतर सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने सांसद निधि से भवन निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की तथा भविष्य में भी आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान साहू परिवार की ओर से चौरई रोड स्थित श्री रामेश्वर धाम में आयोजित होने वाले सहस्त्र चंडी महायज्ञ में समाज के सभी बंधुओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। यज्ञ में यजमान बनने के लिए पंजीयन फार्म समाज के जिला अध्यक्ष को सौंपे गए, ताकि अधिक से अधिक सामाजिक बंधु इस पुण्य कार्य में सहभागिता कर सकें।
महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज के जिला अध्यक्ष रामकुमार सोनी ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए भवन निर्माण कार्य में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में समाज की जिला, नगर, युवा एवं महिला पदाधिकारी टीम सहित सभी तहसील एवं ब्लॉक शाखाओं के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।